टीम एबीएन, सिमडेगा। कुरडेग थाना क्षेत्र के खिंडा भंडार टोली में बड़े भाई ने छोटे भाई को लाठी से पीट कर मार डाला। साथ ही चौकीदार के साथ कुरडेग थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। जानकारी के अनुसार, खिंडा भंडार टोली निवासी डेविड मिंज हर दिन घर में शराब पीकर आता था और बेटियों के साथ दुष्कर्म करने की बात करता था। साथ ही अपनी भाभी को भी रोज परेशान करता था। इससे परिवार वाले काफी परेशान थे।
गुरुवार को करीब 12 बजे घर के पास शराब पीकर अपशब्द बोल रहा था। इसी क्रम में बड़े भाई तरसीयूस मिंज ने आंगन में रखे लाठी से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे डेविड की मौके पर ही मौत हो गयी। इसके बाद तरसीयूस गांव के चौकीदार के साथ कुरडेग थाना आया और सारी आपबीती थाना प्रभारी मुन्ना रमानी को बताया।
थाना प्रभारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के पिता रिमीस मिंज और उसकी मां क्लारा मिंज ने बताया डेविड हर दिन शराब पीकर आने से सभी परेशान थे।