टीम एबीएन, झुमरीतिलैया (कोडरमा।) तिलैया थाना क्षेत्र के पानी टंकी रोड निवासी एक 15 वर्षीय छात्रा ने देवी मंडप रोड में संचालित एक कोचिंग के संचालक पर छेड़छाड़ और अप्राकृतिक यौनाचार का आरोप लगाते हुए तिलैया थाना में आवेदन दिया है।
आवेदन में नाबालिग लड़की ने बताया है कि शनिवार की शाम करीब 5 बजे कोचिंग क्लास गयी थी। इस दौरान कोचिंग के संचालक ने किताब लेने के बहाने मकान के दूसरे तल्ले पर बुलाया और छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। नाबालिग ने आरोप लगाया है कि इस दौरान कोचिंग संचालक के द्वारा अप्राकृतिक यौनाचार भी किया गया।
इसके बाद किसी तरह वह भाग कर अपने घर पहुंची और मामले की जानकारी अपने परिजनों को दिया। जिसके बाद परिजन कोचिंग पहुंचे, इस दौरान नाबालिग के परिजन और कोचिंग संचालक के साथ हल्की नोकझोंक भी हुई। इसके बाद दोनों पक्ष तिलैया थाना पहुंचा, जहां नाबालिग ने घटना की लिखित शिकायत की है।
वहीं कोचिंग के संचालक ने झूठे मामले में फंसाने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। पुलिस ने कोचिंग संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वही नाबालिग छात्रा का मेडिकल जांच करवाया गया।