एबीएन डेस्क, पलामू। पलामू के चैनपुर थाने में रविवार को सफाई के दौरान विस्फोट हो गया। इस विस्फोट में थाने के मुंशी समेत पांच लोग जख्मी हो गए। घायलों में चार चौकीदार हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। घटनास्थल से पुरानी बोतल के टुकड़े मिले हैं। इसी में विस्फोट होना बताया जा रहा है। पलामू एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि रविवार को थाने में सफाई चल रही थी, इसी क्रम में ब्लास्ट हुआ है। यह ब्लास्ट बोतल या सुतली बम का है, इस बिंदु पर जांच की जा रही है।वरीय अधिकारियों को जांच के लिए भेजा गया है। आशंका जताई जा रही है सफाई के दौरान गर्म हो कर बोतल में विस्फोट हुआ। विस्फोट में चैनपुर थाने के मुंशी सुबोध कुमार, संतु मांझी, नंदू माझी, मंटू मांझी और फेकन मांझी जख्मी हो गए। सभी को तत्काल थाने में तैनात पुलिसकर्मियों ने इलाज के लिए MMCH में भर्ती कराया। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में डॉक्टर की टीम सभी के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। घटनास्थल पर जांच के लिए एसपी चंदन कुमार सिन्हा और अभियान रिश्ते बृजेंद्र मिश्रा पहुंच गए हैं।