- मंत्री चंपई सोरेन ने तीनों छात्राओं को किया सम्मानित
टीम एबीएन, लोहरदगा। एकलव्य माडल आवासीय विद्यालय कुजरा, लोहरदगा की तीन छात्राओं ने जेईई-मेंस 2023 की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। तीनों छात्राओं स्वाति कुजूर, ललिता कुमारी और किरण तिर्की को जनजातीय कार्य, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग मंत्री चम्पई सोरेन ने रांची के मोरहाबादी स्थित रामदयाल मुंडा जनजातीय शोध संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
इसमें विभागीय सचिव के श्रीनिवासन, आदिवासी कल्याण आयुक्त लोकेश मिश्रा, सभी जिलों से आए परियोजना निदेशक, आईटीडीए, सभी जिलों के कल्याण अधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित हुए। इसमें स्कूल की प्रभारी प्राचार्या अमृता मिश्रा को भी स्कूल में बेहतरीन शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र और शाल देकर सम्मानित किया गया।
इससे पहले एकलव्य विद्यालय के इन तीनों छात्राओं को लोहरदगा डीसी डा वाघमारे प्रसाद कृष्ण के द्वारा सम्मानित किया गया था। तीनों छात्राएं अनुसूचित जनजाति की है। इनके पिता एक सामान्य किसान हैं। बिना किसी कोचिंग के ही विद्यालय के मार्गदर्शन में छात्राओं ने यह सफलता अर्जित की है। छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिश्रम और स्कूल के शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन, विद्यालय प्रबंधन के सहयोग को दिया है।