कोडरमा। विगत 16 नवंबर को झारखंड राज्य कुश्ती संघ के राष्ट्रीय पहलवान सह राष्ट्रीय रेफरी मनीष कुमार का निधन इलाज के दौरान रिम्स में हो गया था। मनीष कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कई पदक जीत चुके थे। साथ ही वे एक अच्छे राष्ट्रीय स्तर के रेफरी भी थे। साथ ही कई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में कार्य कर चुके थे। मनीष ने अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती में 3 पदक जीते थे। वे झारखंड पुलिस में कार्यरत और फिलहाल चंदवारा पुलिस लाइन कोडरमा में पोस्टेड थे। वे झारखंड राज्य कुश्ती संघ के महासचिव रजनीश कुमार के छोटे भाई थे। उनके निधन पर आज कोडरमा जिला कुश्ती संघ के सचिव आकाश सेठ की अगुवाई में महात्मा गांधी रोड स्थित कोडरमा जिला कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र में एक श्रद्धांजलि सभा की गई, जिसमें कोडरमा जिला कुश्ती संघ के सभी खिलाड़ी, सीडी बालिका उच्च विद्यालय की प्राचार्या रीना सिंह, सीआईएसएफ के इंस्पेक्टर मानंजय कुमार शर्मा, हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र कुमार, सीआईएसएफ के जवान सालुंके गोकुल आसाराम, सुभाष कुमार, कुश्ती प्रशिक्षिका ईशा कुमारी, गोलू यादव, अतुल आनंद, निभा रानी, अनमोल कुमारी, रश्मि कुमारी, प्रदीप कुमार, विकास कुमार आदि शामिल हुए। उनके निधन पर 2 मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गयी। मौके पर कोडरमा जिला कुश्ती संघ के सचिव आकाश सेठ ने कहा, मनीष कुमार का हमलोगों के बीच मे से जाना झारखंड राज्य के साथ-साथ कोडरमा जिला के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है। वह कोडरमा जिला के खिलाड़ियों को समय-समय पर आकर कुश्ती के गुर सिखाते थे।