टीम एबीएन, पलामू। इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के एक जवान की संदेहास्पद परिस्थितियों में रविवार को मौत हो गयी है। जवान का सरकारी स्कूल के बरामदे से शव बरामद किया गया है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद चैनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गयी और मृृतक जवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। हालांकि मौत के कारणों का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। मृतक जवान के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
मृतक जवान मंदीप दुबे पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के पूर्वडीहा गांव का रहने वाला था। वहीं घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार जवान मंदीप दुबे शनिवार की रात घर से निकला था और रविवार को पूर्वडीहा के सरकारी स्कूल के बरामदे में उसका शव मिला। सबसे पहले स्थानीय ग्रामीणों ने शव को देखा और तत्काल इस बात की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी।
मृतक जवान मंदीप दुबे को पलामू पुलिस लाइन में सलामी दी गयी। इस दौरान सार्जेंट मेजर अनिश मोमित कुजूर, सार्जेंट आकाश दीप समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे।
मृतक जवान के शव का कोयल नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया जायेगा। बताते चलें कि मंदीप दुबे इंडियन रिजर्व बटालियन-2 में तैनात थे और कई अभियानों में शामिल रहे थे।