- रांची पहुंचे झारखंड जेडीयू के प्रभारी अशोक चौधरी
टीम एबीएन, रांची। रविवार को बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता अशोक चौधरी रांची पहुंचे। अशोक चौधरी के रांची पहुंचने के बाद झारखंड के जदयू कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया।
झारखंड में जनता दल यूनाइटेड राजनीतिक रूप से मजबूत होने की कोशिश में जुटी हुई है। इसी के मद्देनजर जनता दल यूनाइटेड के बड़े नेता लगातार झारखंड पहुंच रहे हैं।
रांची एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि झारखंड में वह अगले दो दिनों तक रुकेंगे और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और प्रदेश अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगे।
भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि कार्यकर्ताओं के साथ होने वाली बैठक में यह जानकारी ली जायेगी कि राज्य की जनता तक पहुंचने के लिए पार्टी क्या कर रही है।
इसके साथ ही पार्टी को क्या परेशानी हो रही है, इस पर भी चर्चा की जायेगी। नीतीश कुमार पूरे देश में विपक्षी एकता को एकजुट करने में लगे हुए हैं। खासकर बिहार के आसपास वाले राज्य जैसे झारखंड, उत्तर प्रदेश, बंगाल और ओडिशा जैसे राज्यों की विपक्षी पार्टियों को एकजुट कर रहे हैं ताकि आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जड़ से उखाड़ा जा सके।