- अब एक और पर संकट; बिना वजह रद्द हुई फ्लाइट्स
टीम एबीएन, रांची। एयरलाइन गो एयर की रांची से आवाजाही करने वाली सभी सेवाओं पर संकट गहरा गया है। पिछले 10 वर्षों के दौरान करीब छह विमान सेवाएं यहां से बंद हो चुकी हैं। गो एयर सातवीं ऐसी सेवा है, जिसकी उड़ान अनिश्चित हो गयी है। रांची से इसकी सभी सेवाओं की बुकिंग 15 मई तक बंद है। इसके कारण गो एयर से सफर करनेवाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ गयी है।
खास कर विमान सेवा में कमी से रांची-बेंगलुरु और रांची मुंबई सेक्टर के लिए सीधी उड़ान के किराए में तीन गुना वृद्धि हो गयी है। एक साथ चार विमान सेवाओं के रद्द होने से इंडिगो और एयर एशिया को इसका तात्कालिक लाभ मिल रहा है।
इन सेवाओं से दोनों शहर का किराया बढ़ गया है। गो एयर के बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली के यात्री इन दोनों एयरलाइंस की सेवा में तेजी से शिफ्ट हो रहे हैं। रांची से बेंगलुरु की कनेक्टिंग सेवाओं में किराया 60 हजार के करीब पहुंच गया है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार विमानों के इंजन की कमी और आर्थिक संकट के कारण इसे उबरने में समय लग सकता है। इस दौरान गो एयर की उड़ानें शुरू भी होती हैं तो यह महानगरों तक ही सीमित रहेंगी।
ऐसे में रांची से इसकी बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई सेवा की उड़ान पर संकट आ सकता है। गो एयर की सेवा पर संकट आने से रांची एयरपोर्ट के विकास पर भी असर पड़ सकता है। 2020 से पहले रांची एयरपोर्ट से प्रतिदिन यात्रियों की आवाजाही 10 हजार की संख्या को पार कर चुकी थी।
कोरोना के बाद मौजूदा समय में यह संख्या करीब नौ हजार के करीब पहुंच चुकी है। ऐसे मौके पर गो एयर के बंद होने और फेयर बढ़ने से यात्रियों की आवाजाही पर विपरीत असर पड़ सकता है।
इंडिगो और एयर एशिया की मुंबई और बेंगलुरु सेवा के किराये में वृद्धि हुई है। रांची-बेंगलुरु का सामान्य किराया 6,198 रुपये और रांची से मुंबई का किराया 5,499 रुपये के करीब है।
इन चार उड़ानों पर संकट गहराया
गो एयर की सेवाएं बाधित होने से 4 उड़ानों पर संकट बढ़ गया है। 11:25 बजे दिन बेंगलुरु-रांची-बेंगलुरु, 2:55 बजे अपराह्न दिल्ली-रांची-दिल्ली सेवा, 4:50 बजे शाम मुंबई-रांची-मुंबई सेवा और 7:25 बजे रात दिल्ली-रांची-दिल्ली सेवा बाधित हो गयी है।
रांची एयरपोर्ट के निदेशक केएल अग्रवाल ने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से गो एयर के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है।
डीजीसीए ने भी विमानों को बिना नोटिस रद्द करने पर गो एयर से जबाव तलब किया है। आर्थिक संकट हो या फ्लाईट की कमी हो, उसे उड़ानों को रद्द करने से पहले नोटिस देना चाहिए था। कार्रवाई होगी।