एबीएन न्यूज नेटवर्क, दुमका। जिले के मसानजोड़ थाना क्षेत्र के दुमका-सिउड़ी मुख्य पथ पर मूड़जोड़ फतेहपुर स्कूल के समीप टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार किसान को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी।
पुलिस के मुताबिक पश्चिम बंगाल की पर्यटक बस (डब्ल्यूबी 29-सी 3048) ने साइकिल सवार किसान को पीछे से रौंद दिया।
मृतक किसान थाना क्षेत्र के मूड़जोड़ा हाटपाड़ा निवासी बगन किस्कू (47) है। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर अवस्था में उसे लेकर सीएचसी, रानेश्वर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया है और बस को जब्त कर थाने ले आयी है। पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है।