टीम एबीएन, जमशेदपुर। शहर में एकबार फिर गोलीबारी की घटना घटी है। जिसमें एक शख्स घायल हो गया है। घटना गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई है। घायल युवक कदमा का रहने वाला है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है।
दरअसल, गोलमुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार अहले सुबह एक ढाबा में खाना के दौरान दो गुटों में मारपीट हुई। इस दौरान चली गोली में एक युवक घायल हो गया है। युवक की पहचान कदमा के रहने वाले रोशन सिंह के रूप में की गई है।
घायल युवक को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार की अहले सुबह तीन बजे की है। घटना को अंजाम देने के बाद सारे युवक फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस दल-बल के साथ पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
ढाबा खाने पहुंचे थे युवक : बताया जाता हैं कि गोलमुरी थाना अंतर्गत एम एस ढाबा में सुबह तीन बजे के लगभग कुछ युवक खाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान एक और युवकों का ग्रुप खाना खाने के लिए पहुंच गया।
इस बीच दोनों ग्रुप के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई और यह बहस मारपीट में बदल गई। इस दौरान किसी ने गोली चला दी। इस गोली चालन में एक युवक को गोली लग गई। बताया जाता है कि इस दौरान तीन-तीन गोली चलाई गई है।
वहीं इस गोली चालन में ढाबा में रखा फ्रिज भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं गोली लगे युवक को आनन फानन टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि घायल युवक को पैर मे गोली लगी है।