- सरकारी स्कूलों में प्रतिभासंपन्न छात्रों की कमी नहीं, उन्हे मौका देने की जरूरत : राजेश भदानी
टीम एबीएन, झुमरी तिलैया। खेलकूद के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में अब सरकारी विद्यालय के छात्र- छात्राएं नृत्य कला में नि:शुल्क दक्षता हासिल कर अपनी छिपी प्रतिभा निकाल रहे हैं। जिले के सर्वाधिक पुराने नृत्य संस्थान नटराज कला केंद्र के निदेशक राजेश भदानी लगभग तीन दशक से लगातार क्षेत्र के छात्र छात्राओं को नृत्य के सभी गुरु सिखाते आ रहे हैं।
प्रत्येक वर्ष जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण सहयोग देने के साथ-साथ प्राइवेट स्कूलों के बच्चों में नृत्य की दक्षता देने के साथ श्री भदानी अब गांव और पिछड़े स्थलों में निवास करने वाले सरकारी विद्यालयों के बच्चों में छिपी प्रतिभा निकालने के नेक उद्देश्य से निशुल्क नृत्य कला सिखाने की शुरुआत की है।
बताते चलें कि इस इस कार्य की शुरूआत झुमरी तिलैया के स्लम क्षेत्र स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय तिलैया बस्ती से की गई है, जहां दर्जनों छात्र-छात्राएं निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर स्कूली बच्चे नृत्य शिक्षक पाकर काफी उत्साहित और खुश हैं।
वहीं अपने व्यस्त जीवन में महत्वपूर्ण समय निकालकर निशुल्क प्रशिक्षण दे रहे गुरु राजेश भदानी कहते हैं की- कला किसी की मोहताज नहीं है। कला में समाज के हर बच्चों का आगे बढ़ना उनका मौलिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि गांव और कस्बों के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। इन्हें नृत्य सिखाते हुए खुशी मिल रही है।
समय निकालकर अन्य सरकारी स्कूल के प्रतिभावान बच्चों को तराशने का भी कार्य करूंगा। विद्यालय के शिक्षक अमित कुमार कहते है की शिक्षा अमूल धरोहर है। इसके साथ प्रतिभा संपन्न बच्चों से विद्यालय गुलजार है। लेकिन उन्हें सही प्लेटफार्म नही मिलने से वो पिछड़ जाते हैं।
बच्चों के सर्वांगीण विकास में उपायुक्त आदित्य रंजन द्वारा लागू प्रोजेक्ट इंपैक्ट का अतुलनीय योगदान है। ऐसे में राजेश भदानी की प्रशंसनीय पहल नृत्य के क्षेत्र में बच्चों को नई ऊंचाई देगी जो मील का पत्थर साबित होगा।
नृत्य सीख रही उत्साहित छात्रा माही कुमारी, आरुषि कुमारी, देविका कुमारी, सरस्वती कुमारी, साक्षी कुमारी ने कहा की नृत्य सीखने की इच्छा बचपन से थी। अब राजेश सर से सीख रहे हैं। हम सब को मौका मिलेगा तो अपनी मेहनत से जिला,राज्य और राष्ट्र स्तर पर जौहर दिखाएंगे।