जंगल हो या सरहद साहस में कमी नहीं!
टीम एबीएन, लातेहार। जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में जिस युवक संदीप टोप्पो को जंगली भालू ने हमला कर घायल किया है, वो आईआरबी का जवान है। जंगली भालू के हमले के दौरान संदीप टोप्पो ने अदम्य हौसले का परिचय दिया और दो भालूओं से अकेला ही लगभग 15 मिनट तक लड़ता रहा। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद संदीप टोप्पो ने जंगली भालूओं को भागने पर मजबूर कर दिया।
लातेहार में भालू का हमला होने की घटना को लेकर बताया रहा है कि महुआडांड़ थाना क्षेत्र के केवरकी गांव निवासी संदीप टोप्पो रविवार को पास के जंगल में महुआ चुनने के लिए गया था। अचानक उस पर दो भालूओं ने हमला कर दिया, भालू के हमले से संदीप घबरा गया पर उसने हिम्मत नहीं हारी। संदीप पूरी हिम्मत और ताकत के साथ जंगली भालूओं से भिड़ गया। इस दौरान संदीप बुरी तरह से घायल भी हो गया लेकिन वह भालू से लड़ता रहा।
लगभग 15 मिनट तक भिड़ंत के बाद संदीप ने कुल्हाड़ी उठा ली और अपने बचाव में भालू पर कुल्हाड़ी से हमला करने लगा। इधर संदीप के शोर मचाने के बाद महुआ चुन रहे आसपास के लोग भी वहां पहुंच गये और जोर-जोर से आवाज करने लगे। इसके बाद दोनों भालू संदीप को छोड़कर जंगल की ओर भाग गये।
आईआरबी जवान संदीप टोप्पो इस कदर जख्मी हो गया है कि आपबीती बताते हुए उसके चेहरे से खून रिसने लगा। लातेहार सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने बताया कि संदीप के चेहरे और आंख में गंभीर जख्म है। इसीलिए बेहतर इलाज के लिए संदीप को रिम्स रेफर किया गया है।