टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल,पुंदाग में सीबीएसई सीओई पटना के तत्वावधान में अनुभव आधारित शिक्षण विषय पर दो दिवसीय शिक्षण संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
सीबीएसई के संसाधक तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, रजरप्पा के पूर्व प्राचार्य श्री हिमांशु कुमार झा तथा सुरेंद्रनाथ सेंटनरी पब्लिक स्कूल की उपप्रधानाचार्या श्रीमती अन्नाकुटी ने संसाधिका के रूप में क्रियाकलाप आधारित प्रस्तुति दी, जिसमें विद्यालय के सभी शिक्षक - शिक्षिकाओं ने सक्रियतापूर्वक भाग लिया। उक्त कार्यक्रम में रांची के कुछ अन्य प्रसिद्ध विद्यालयों के शिक्षकों ने भी भाग लिया।
पांच घंटे के कार्यक्रम में अनुभव आधारित शिक्षण के विविध पहलुओं पर विस्तार से चर्चा - परिचर्चा की गयी। साथ ही अभिनय, प्रश्नोत्तरी, केस स्टडी, पाठ योजना, विषय- प्रस्तुति आदि अनेक रोचक गतिविधियां आयोजित की गयी, जिनकी मदद से विषय को सुग्राह्य बनाया जा सका।
निश्चय ही यह कार्यक्रम अध्यापक समुदाय के लिए लाभप्रद रहा , जिनकी मदद से विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाया जा सकेगा। प्राचार्य श्री संजीत कुमार मिश्रा ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सीबीएसई, सीओई पटना के आभारी हैं कि उनकी ओर से हमें यह सुअवसर प्रदान किया गया।
इस प्रकार से सत्रों का नियमित आयोजन सभी शिक्षकों की क्षमता संवर्धन के लिए अत्यंत लाभप्रद हैं। उन्होंने कार्यशाला के सफल संचालन के लिए संसाधाक, संसाधिका तथा सभी शिक्षक - शिक्षिकाओं का धन्यवाद ज्ञापन किया। शांति पाठ के साथ पहले दिन की कार्यशाला संपन्न हुई।