- अपराधी हैं तो गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही राज्य सरकार?
- 41ए की नोटिस के तहत पूछताछ केलिए धुर्वा थाना पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश,विधायक सीपी सिंह,नवीन जायसवाल, समरी लाल एवम अशोक बड़ाइक
टीम एबीएन, रांची। प्रदेश भाजपा द्वारा विगत 11अप्रैल को हेमंत हटाओ,झारखंड बचाओ अभियान के तहत सचिवालय घेराव कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इस प्रदर्शन में पूरे प्रदेश के गांव गांव से न सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता बल्कि आम जनता भी शामिल हुई।
राज्य सरकार ने लोकतांत्रिक आंदोलनकारियों पर लाठियां बरसाए, आंसू गैस के गोले दागे और संगीन अपराध की धाराएं लगाकर नेताओं कार्यकर्ताओं पर मुकदमे भी दर्ज किए।
मुकदमों में आरोपी बनाये गये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल एवम प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक आज 41ए की नोटिस पर पूछताछ केलिए धुर्वा थाना पहुंचे।
प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा,प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू, प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, सह कार्यालय मंत्री सूरज चौरसिया, रांची महानगर अध्यक्ष केके गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार अपने खिलाफ बोलने वालों के साथ दमन का हर तरीका अपना रही है। इस सरकार ने हिटलरशाही, तानाशाही की पराकाष्ठा कर दी।
श्री प्रकाश ने कहा यह सरकार अपने भ्रष्टाचार को छुपाने केलिए अत्याचार का नया नया तरीका अपना रही है। लोकतंत्र में सशक्त विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से जनभावनाओं को उजागर करने, सरकार की विफलताओं, नाकामियों पर बोलने का संवैधानिक अधिकार है।
लेकिन सरकार केवल अपनी जिद्द और हठधर्मिता के साथ शासन चलाना चाहती है। इनके ही वायदे इन्हे याद कराने पर बेरोजगार युवा, बेकसूर महिलाएं, आदिवासी, दलित, लाचार किसान, मजदूर सभी हेमंत सरकार की नजरों में अपराधी बन जाते हैं।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की नजरों में खान खनिज की लूट करना, दलित, आदिवासियों की जमीन लूटना, पंचायत से मंत्रालय तक भ्रष्टाचार करना, वोट केलिए तुष्टिकरण करना अपराध नहीं है लेकिन जो इसके खिलाफ लोकतांत्रिक विरोध करेगा वो अपराध की श्रेणी में है।
उन्होंने कहा कि यदि राज्य हित में जनभावनाओं के अनुरूप आंदोलन करना अपराध है तो भाजपा यह अपराध बार बार करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार यदि इसके लिए अपराधी मानती है तो हमें गिरफ्तार करना चाहिए। कहा कि आगामी चुनाव में जनता हेमंत सरकार को करारा जवाब देगी।