एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। जिले में लोगों को थैलेसिमिया सिकल सेल बीमारी को लेकर जागरूक करने के उद्देश्य से सक्रिय पहल की गयी है। उपायुक्त की अध्यक्षता में तोरपा और कर्रा प्रखंड में जागरुकता शिविर सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने दोनों कार्यक्रम में उपस्थित होकर लोगों को जागरूक किया और स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साह वर्धन किया। उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में हमें दिग्भ्रमित विचारों से निकलकर जागरूक होने की आवश्यकता है।
आनेवाली पीढ़ी को सुरक्षित व स्वस्थ रखने के लिए हमें अपने स्तर से प्रयास करने की जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र में सिकल सेल का प्रभाव अधिक देखा जा रहा है। इसके लिए आवश्यक है सिकल सेल अनीमिया की उचित जांच व मैपिंग की। जिले में 50 बेड का डे केयर सेंटर बनाया जायेगा। इसमें ससमय लोगों का उचित उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
डीसी ने कहा कि लोगों को सिकल सेल की पूर्ण जानकारी उपलब्ध करायी जा रही है। आवश्यकता है बीमारी के संबंध में सीखने और इसके बचाव को लेकर अपने क्षेत्र के अन्य लोगों को भी जागरूक करने की।
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर आगामी 25 अप्रैल को सिकल सेल अनिमिया जागरुकता शिविर सह कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। इसमें अधिक से अधिक संख्या में लोग आकर जांच करायें और समुदाय स्तर सिकल सेल अनीमिया की पहचान की जा सकेगी।