- पंकज मिश्रा की जेल में तबियत बिगड़ने पर भाजपा विधायक दल के नेता का तंज
टीम एबीएन, रांची। पूर्व सीएम व भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने ट्विटर पर पंकज मिश्रा की तबियत बिगड़ने को लेकर जानकारी साझा की है। उन्होंने ट्वीट किया कि साहिबगंज महाघोटाला माममले में ईडी केश में जेल में बंद पंकज मिश्रा (मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि) के बारे में उनके करीबियों ने जानकारी दी है कि पंकज की तबीयत ज्यादा ही खराब है और उन्हें जो उचित इलाज मिलना चाहिए उसका अभाव दिख रहा है। ओवर डोज पेन कीलर ले लेने के चलते कुछ दिनों पहले उनकी परेशानी काफी बढ़ गयी थी।
बाबूलाल मरांडी ने आगे लिखा कि किसी की भी जान बचाना सबसे जरूरी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ईडी से अनुरोध है कि पंकज को राज्य से बाहर किसी बड़े चिकित्सा संस्थान में ले जाकर जो भी जरूरी हो, बेहतर इलाज मुहैया कराने का इंतजाम करें। उन्होंने आगे लिखा कि हेमंत जी को यह नहीं भूलना चाहिए कि आज पंकज उन्हीं के कहे मुताबिक गलत करने की सजा भुगत रहा है।
ईश्वर न करे लेकिन अगर समुचित इलाज के अभाव में पंकज मिश्रा को कुछ भी हुआ तो हेमंत जी को भगवान भी माफ नहीं करेंगे।
बताते चलें कि ईडी ने अवैध खनन के माध्यम से मनी लांड्रिंग मामले में पंकज मिश्रा, बच्चू यादव और प्रेम प्रकाश के पचास से भी ज्यादा ठिकानों पर छापामारी की थी।
पंकज मिश्रा और उनके सहयोगियों के बैंक खातों में जमा 36 करोड़ से अधिक की राशि जब्त की गयी थी। प्रेम प्रकाश के ठिकानों पर हुई छापेमारी के दौरान उसके रांची के अरगोड़ा स्थित आवास से दो एके-47 और 60 गोलियां बरामद की गयी थीं। इसके अलावा कई अवैध संपत्तियों व कोयला कारोबार से जुड़े दस्तावेज बरामद किये थे। ईडी की टीम ने पत्थर व्यवसायी बच्चू यादव का पानी जहाज भी जब्त कर लिया था।