टीम एबीएन, कोडरमा। मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता मंडल अध्यक्ष संजीव ठाकुर श्रीमती पूनम ठाकुर अध्यक्ष अजय अग्रवाल फर्स्ट लेडी कंचन अग्रवाल सचिव अमर कुमार और प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमित कुमार ने संयुक्त रूप से मंगल दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की।
अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि को और फर्स्ट लेडी कंचन अग्रवाल ने श्रीमती पूनम ठाकुर को उसको कुछ भेंट कर स्वागत किया। बिहार झारखंड के 103 रोटरी क्लब के मंडल अध्यक्ष रोटेरियन संजीव ठाकुर ने शाम को स्थानीय शिव वाटिका में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि रोटरी क्लब आॅफ कोडरमा के सेवा कार्य समाजसेवी संस्थाओं के बीच एक मिसाल है।
एक ओर जहां चिकित्सा के क्षेत्र में रोटरी कोडरमा आंखों का अस्पताल और डायलिसिस केंद्र चला रही हैं, वहीं प्राथमिक शिक्षा में गरीब बच्चों के लिए बाल विद्यालय चला रही है और महिला सशक्तिकरण के लिए सहेली केंद्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण दे रही है।
अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत करते हुए संबोधित किया। अध्यक्ष ने बताया कि झंडा चौक स्थित जेसीज द्वारा संचालित टीका केंद्र जो लंबे अरसे से बंद पड़ा था उसको रोटरी ने पूरे दायित्व बोध के साथ फिर से प्रारंभ किया है और प्रति रविवार छोटे बच्चों को आवश्यक टीके रोटरी अस्पताल परिसर में मुफ्त में लगाए जा रहे हैं।
रोटेरियन शैलेश दारूका ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया, मंच संचालन अमित कुमार ने किया। निवर्तमान सचिव नवीन जैन ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कुमार पुजारा ने रोटरी द्वारा संचालित स्थाई परियोजनाओं के बारे में संक्षिप्त रिपोर्ट प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के अंत में माला दारुका एवं कविता दारुका द्वारा मुख्य अतिथि एवं फर्स्ट लेडी को सहेली केंद्र में बनाये गये हस्तशिल्प की चीजें प्रतीक चिन्ह के रूप में भेंट की गयी।