टीम एबीएन, बोकारो। जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के कसियाटांड़ में दो मंदिरों को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। मंदिर में शिवलिंग और बजरंगबली की मूर्ति को भी क्षतिग्रस्त किया है। घटना देर रात की बतायी जा रही है। सुबह जैसे ही लोगों को इस तोड़-फोड़ के बारे में पता चला इलाके में तनाव फैल गया।
इसे देखते हुए मौके पर तीन डीएसपी, कई थानों के प्रभारी और पुलिसकर्मी पहुंच चुके हैं। घटनास्थल पर लोगों की भी भीड़ जमा है। पूरे मामले पर डीसी कुलदीप चौधरी और एसपी चंदन झा खुद नजर बनाये हुए हैं।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि माराफारी थाना के काशियाटांड़ में शुक्रवार की रात को मंदिर में भगवान की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। भगवान शिव और हनुमान की प्रतिमा के साथ तोड़ फोड़ कर मंदिर के आंगन और सामने वाले मैदान में फेंक दिया गया।
सुबह- सुबह स्थानीय लोगों ने ये देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल के साथ तीन तीन डीएसपी मौके पर पहुंचे, पुलिस ने जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।