- आदेश के बाद भी नहीं लगायी गयी शिकायत पेटी
टीम एबीएन, रांची। झारखंड कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष के आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सभी जिलाध्यक्ष को पार्टी कार्यालयों में शिकायत पेटी लगाने का आदेश जारी दिया था। लेकिन आदेश के एक महीने बाद भी शिकायत पेटी नहीं लगायी गयी है।
झारखंड कांग्रेस को जनता के प्रति और अधिक जवाबदेह बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सभी जिलाध्यक्षों के साथ 11 मार्च को वर्चुअल बैठक की थी। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने सभी जिलाध्यक्ष को सात दिनों के अंदर जिला कांग्रेस कार्यालयों में शिकायत पेटी लगाने का आदेश दिया था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा था कि जो भी शिकायत और समस्या शिकायत पेटी के माध्यम से मिलेगी, उसका पहले अपने स्तर पर समाधान करने की कोशिश करें, जो समस्या जिलाध्यक्षों से दूर नहीं होगी, उसे प्रदेश मुख्यालय भेजने का भी आदेश जारी किया गया था।
हैरत की बात यह है कि प्रदेश अध्यक्ष के आदेश दिए 35 दिन हो गये, लेकिन आज तक दूरस्थ जिलों की बात छोड़िये, राजधानी रांची के कांग्रेस कार्यालय में ना तो शिकायत पेटी लगी है और ना ही कोई जनसमस्या सुनी गयी है।
रांची महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ कुमार राजा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश के अगले ही दिन शिकायत पेटी लेकर पहुंचे थे, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष ने बढ़िया शिकायत पेटी लगाने को कहा। इसी वजह से लेट हो गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही कांग्रेस कार्यालय में शिकायत पेटी लग जायेगी।
उन्होंने कहा कि भले ही शिकायत पेटी नहीं लगी हो, लेकिन वह हर दिन कार्यालय आकर बैठते हैं, जनता की समस्या सुनते हैं। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि पार्टी के बड़े स्तर के नेताओं के दिये निर्देश की अवहेलना की गयी हो। जब प्रदेश के नये प्रभारी के रूप में अविनाश पांडे ने कार्यभार संभाला था, तब उन्होंने कांग्रेस कोटे के सभी मंत्रियों को रोटेशन के आधार पर हर शनिवार को जनता दरबार लगाने का आदेश दिया था।
जनता दरबार में जन शिकायत सुनने और समस्या दूर करने का यह निर्देश शुरुआती दो तीन महीने चला। फिर शायद ही कभी कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों ने जनता दरबार लगा जन शिकायत सुनी।