टीम एबीएन, लातेहार। जिले के महुआडांड़ प्रखंड मुख्यालय में तेज रफ्तार बाइक चालक असंतुलित होकर सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराया। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दोनों लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में अमरदीप टोप्पो और अतुल खलखो शामिल है। दोनों आपस में रिश्तेदार बताये जा रहे हैं।
बुधवार की रात अमरदीप टोप्पो और अतुल खलखो महुआडांड़ से बाइक पर सवार होकर बहेराटोली जा रहे थे। इस दौरान रफ्तार तेज रहने के कारण असंतुलित होकर बाइक सड़क के किनारे एक ट्रक से जा टकरायी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार अतुल खलखो की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी।
वहीं घटना के बाद तत्परता दिखाते हुए आसपास के लोगों ने घायल अमरदीप को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर दोनों के शवों को कब्जे में ले लिया। गुरुवार की सुबह शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया है।