- रउता वन क्षेत्र में स्थापित कई प्लांट पर गिर सकती है वन विभाग की गाज
टीम एबीएन, रामगढ़। जिले के रउता वन क्षेत्र में कई प्लांट कानून को ताक पर रखकर चल रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदूषण फैलाने वाले प्लांट जंगल में ही स्थापित कर दिये गये हैं। इस मुद्दे पर अब वन विभाग काफी गंभीरता से कार्रवाई करने जा रहा है।
गुरुवार को रामगढ़ डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि रउता वन क्षेत्र एक ऐसा इलाका है जो इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में स्थापित हो गया है। इस इलाके में औचक निरीक्षण के दौरान यह देखा गया है कि कई प्लांट जंगल में ही स्थापित हैं। जिस प्लांट की दूरी कम से कम वन क्षेत्र से 250 मीटर होनी चाहिए, वहां प्लांट के बाउंड्री पर ही वन विभाग का पिलर गड़ा हुआ भी दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों में प्लांट मालिक और भू माफियाओं ने गलत तरीके से इस इलाके में अपना कब्जा जमाया है। अब उन सभी प्लांट और भू माफियाओं की सूची तैयार की जा रही है। डीएफओ ने बताया कि जंगल में ही अवैध तरीके से प्लांट की सड़क बना दी गयी है। उन सभी स्थानों पर जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
डीएफओ ने कहा कि वन क्षेत्र का मैप लेकर पूरे इलाके में मापी होगी। उन्होंने कहा कि भूमाफिया जंगलों को काट कर वहां अपना आशियाना भी बनाने में लगे हैं। वन विभाग तक पूरी सूचना पहुंच रही है। जल्द ही बड़े पैमाने पर कार्रवाई भी होगी।