Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

राजधानी रांची को जाममुक्त बनाने के लिए नयी योजना बनाने की तैयारी

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
राजधानी रांची को जाममुक्त बनाने के लिए नयी योजना बनाने की तैयारी
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची जाम के मामले में दिल्ली और मुंबई के ट्रैफिक को टक्कर दे रही है। अगर मेन रोड की तरफ आप चल जायें तो 5 मिनट का रास्ता आधे घंटे में तय होता है। गाड़ी चलती नहीं बल्कि सरकती है, लेकिन लोगों के लिए अब थोड़ी राहत की खबर है, क्योंकि उपायुक्त ने विशेष बैठक बुलाकर राजधानी को जाम मुक्त करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है।

रांची के ट्रैफिक एसपी हरीश बिन जमां ने बताया कि रांची में हर दिन लोग जाम से जूझते नजर आते हैं। सड़कें तो वही है, लेकिन हर दिन अनेकों नयी गाड़ियां उतर रही हैं, जिस वजह से जाम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे कई सारे यूजलेस चेकपोस्ट व खंभे हैं। जिस वजह से जाम के साथ-साथ एक्सीडेंट होने का भी खतरा रहता है। ऐसी सारी यूजलेस चीजों को सड़क से हटाया जायेगा। इसके लिए हमने शहर को 6 जोन में बांटा है।

ट्रैफिक एसपी हरीश ने बताया कि उपायुक्त की अध्यक्षता में नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनायी गयी है। इस टीम में संबंधित विभाग के एक-एक अधिकारी होंगे। यह टीम 15 दिनों में अभियान चलाकर शहर के सभी चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था में बाधा बन रही संरचनाओं जैसे बिजली व टेलीफोन के अनुपयोगी पोल, ट्रैफिक सिग्नल पोस्ट, होर्डिंग, ट्रैफिक बूथ, जर्जर यात्री शेड, सुधा डेयरी शेड, सूखे पेड़, साइकिल व ऑटो स्टैंड हटाने और उन्हें व्यवस्थित करने का काम करेगी।

पूरे शहर को 6 जोन में बांटा गया

  • जोन 1- लालपुर चौक, कांटाटोली चौक, कोकर चौक, बुटी मोड़ भाया डिस्लरीपुल और खोहराटोली।
  • जोन 2- रेडियम चौक, जेल चौक, न्युक्लियस चौक, प्लाजा चौक और मिशन चौक।
  • जोन 3- कर्बाला चौक, बहूबाजार चौक, मुंडा चौक, पटेल चौक और सुजाता चौक।
  • जोन 4- कमिश्नरी चौक, सुभाष चौक, शहीद चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक, वुल हाउस चौक, रतन पीपी चौक।
  • जोन 5- मुक्तिधाम ब्रिज, किशोरगंज चौक, गाड़ीखाना चौक, गौशाला कटिंग, न्यू मार्केट चौक, रातू रोड।
  • जोन 6- राजेन्द्र चौक, देवेंद्र मांझी चौक, मेकॉन चौक, एजी मोड़, जेवियर मोड़, हिनू चौक और बिरसा चौक।
विज्ञापन