- आम के पेड़ पर चढ़ने के दौरान हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया मासूम, पेड़ पर ही हो गयी मौत
टीम एबीएन, बोकारो/ रांची। बोकारो जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है, जहां आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े मासूम बच्चे की मौत हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से हो गयी है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
मामला जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के तुलबुल सुंडी टोले का है। यहां सुमित कुमार (13) पेड़ पर आम तोड़ने के लिए चढ़ा। इस दौरान वह 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गया, जिससे आम के पेड़ पर ही उसकी मौत हो गयी।
बच्चे की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर गोमिया-ललपनिया सड़क जाम कर दिया। हालांकि सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझा कर जाम को हटा दिया। वहीं, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से बच्चे की जान गयी है। गोमिया बीडीओ कपिल कुमार के समक्ष वार्ता की गयी। मृतक के आश्रित को विभाग की ओर से मिलने वाली 4 लाख रुपये और एक आश्रित को संवेदक के अधीन नियोजन पर रखने पर सहमति बनी। तत्काल दाह संस्कार के लिए 10 हजार रुपये मृतक के परिजन को दिया गया।