टीम एबीएन, झुमरीतिलैया। भाजपा सरकार की जनविरोधी कॉरपोरेट परस्त सांप्रदायिक नीति के खिलाफ, कमरतोड़ महंगाई, एमएसपी पर फसल की खरीद की कानूनी गारंटी, सभी कामगारों के लिए न्यूनतम मजदूरी 26000 प्रति माह, कर्जा मुक्ति, 60 वर्ष से ऊपर के सभी किसानों को पेंशन, मजदूर विरोधी चार लेबर कोड कानून व बिजली संशोधन विधेयक 2020 वापस लेने, मनरेगा योजना का विस्तार कर 200 दिन काम की गारंटी एवं 600 रुपए प्रतिदिन मजदूरी देने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खाद सुरक्षा सुनिश्चित करने, राशन प्रणाली को मजबूत बनाने आदि माँगों को लेकर बुधवार 5 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित किसान मजदूर संघर्ष रैली में भाग लेने के लिए कोडरमा जिला से सैकड़ों की संख्या में किसान मजदूरों का जत्था दिल्ली पहुंचा।
सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने जानकारी देते हुए कहा कि झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, कालका मेल, नन्दन कानन एक्सप्रेस आदि ट्रेनों से जत्थावार सैकड़ों की संख्या में जिला से किसान और मजदूर दिल्ली रैली में भाग लेने के लिए गए हैं। किसानो के जत्था का नेतृत्व किसान सभा के राज्य संयुक्त सचिव असीम सरकार, मजदूरों के जत्था का नेतृत्व निर्माण कामगार यूनियन (सीटू) के नेता प्रेम प्रकाश व आंगनबाड़ी सेविका सहायिका का नेतृत्व आंगनबाड़ी यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष मीरा देवी आदि कर रहे हैं।