- रांची-जमशेदपुर समेत अन्य शहरों के मौसम का हाल यहां जानें
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कई दिनों से सुबह-शाम तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश की वजह से तापमान में बड़ी गिरावट आयी है। पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गयी है। मौसम विभाग की ओर से रविवार को यह जानकारी दी गयी है।
रांची के एयरपोर्ट रोड स्थित मौसम केंद्र ने प्रभात खबर को बताया कि 2 अप्रैल 2023 (रविवार) को रांची और डालटेनगंज के उच्चतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गयी है। लेकिन, राज्य की दो लौहनगरी जमशेदपुर और बोकारो के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। रांची, जमशेदपुर, डालटेनगंज और बोकारो के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी है।
झारखंड में न्यूनतम तापमान की बात करें, तो रविवार को रांची का न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री बढ़कर 16.6 डिग्री सेल्सियस हो गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री बढ़कर 19.2 डिग्री होने के बावजूद यह सामान्य से 2.5 डिग्री कम है।
राजधानी रांची में सबसे गर्म इलाका हिनू रहा, जहां का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि कांके का न्यूनतम तापमान सबसे कम 13.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हिनू का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। टाटीसिल्वे का अधिकतम पारा 30 डिग्री और न्यूतनम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया। कांके का अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।