टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने इस साल 2022 में मैट्रिक और इंटर में पहले, दूसरे और तीसरे नंबर पर रहने वाले विभिन्न बोर्डों के 68 विद्यार्थियों को सोमवार को सम्मानित किया। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सांकेतिक रुप से जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की परीक्षा में टॉपर रहे 15 विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
सम्मान के तहत प्रथम आनेवाले को तीन लाख, द्वितीय को 2 लाख और तीसरे नंबर पर आनेवाले विद्यार्थियों को एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया। नगद राशि के अलावे विद्यार्थियों को एक लैपटॉप और मोबाइल भी प्रदान किया गया। इसके अलावे झारखंड स्टेट ओलम्पियाड- 2022 के टॉपर को भी सम्मानित करते हुए मोबाइल और लैपटॉप दिया गया।
इस तरह से राज्य सरकार की ओर से कार्यक्रम के दौरान 1 करोड़ 32 लाख नगद राशि का वितरण किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के द्वारा कला उत्सव और खेलो झारखंड आधारित कॉफी टेबल का विमोचन किया गया। सीएम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड में पढ़नेवाले बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।
राज्य सरकार द्वारा विदेश में भी बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने की व्यवस्था की गयी है। पहले बैच में विदेश गये कुछ बच्चे वापस भी आ रहे हैं, जिनमें कुछ बच्चों को विदेश में ही नौकरी मिल गयी है। आज जिन बच्चों को सम्मान मिला है, उसमें एक बच्चा बिहार का है, मगर उसने झारखंड के देवघर के स्कूल से पढाई कर टॉप किया है, जो हमारे लिए खुशी की बात है। राज्य सरकार बिना भेदभाव के सम्मान करने का काम करती है, चाहे वो बिहार का हो या यूपी का, हमारे लिए कोई फर्क नहीं पड़ता।