टीम एबीएन, बोकारो/ रांची। बोकारो के गोमिया में रविवार को जंगली हाथियों ने एक महिला को कुचल दिया। महिला के कुचलते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। जंगली हाथियों के आतंक से गांव के लोग परेशान है। यह कोई पहला मामला नहीं है, यहां आये दिन हाथी गांव में आकर ग्रामीणों का नुकासन करते है।
दरअसल, महिला जंगल में महुआ चुनने गयी हुई थी। वहीं हाथियों के झुंड के बीच फंस गयी और हथियों ने उसे कुचल डाला। जबकि बच्चियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचायी। घटना की सूचना बच्चियों ने गांव के लोगों को दी, सूचना के बाद गांव के लोग महिला का शव लेने के लिये गये, तो हाथी ने एक युवक को अपनी सूंड से पकड़ लिया और जमीन पर पटक दिया, गनीमत रही को युवक को ज्यादा चोट नहीं आयी। जैसे-तैसे कर युवक ने अपनी जान बचायी।
बताते चलें कि बोकारो के सरैयाडीह गांव में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों ने तांडव मचा रखा है। रविवार को एक महिला को हाथियों ने कुचल कर मार डाला, वहीं एक युवक को घायल कर दिया। यह समस्या किसी एक दिन की नहीं है। आये दिन लोग जंगली हाथियों का शिकार हो रहे हैं। वन विभाग को इन पर कार्रवाई कर ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि गांव में जंगली हाथी ना आ पाये।
रविवार को महिला को कुचलने के बाद हाथियों ने सबसे पहले बाइक सवार दो युवकों को सूंड से पकड़कर खींच लिया। गिरते ही हाथी ने एक युवक के सिर पर पांव रख दिया लेकिन युवक हेलमेट पहने हुए था। जिसके हाथी का पैर फिसलकर युवक के छाती से जा लगा। फिर गुस्साये हाथी ने युवक को पैरों से मारकर दूर फेक दिया। मौका मिलते ही युवक जैसे-तैसे वहां से भागा और दूर खड़े साथी युवक के सहारे गांव तक पहुंचा। इसके बाद भाई हाथियों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ, मोटरसाइकिल को भी निशाना बनाकर क्षतिग्रस्त कर दिया।