Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

कोडरमा : गुमशुदा युवती की हत्या की आशंका, परिजनों ने किया सड़क जाम

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
कोडरमा : गुमशुदा युवती की हत्या की आशंका, परिजनों ने किया सड़क जाम
विज्ञापन
  • डोमचांच थाना में ऐसी घटना कानून व्यवस्था पर भारी धब्बा : रामधन यादव

टीम एबीएन, डोमचांच (कोडरमा)। थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवती का अपहरण करने के बाद हत्या कर शव को पानी से भरे बंद पड़े पत्थर खदान में फेंक देने का मामला का अंदेशा लगाया जा रहा है। युवती की पहचान 24 वर्षीय सोनी कुमारी उर्फ सोनाली कुमारी पिता सुनील कुमार ढाब रोड डोमचांच निवासी के रूप में हुई है। 

हालांकि अभी प्रशासन द्वारा हत्या की आधिकारिक पुष्टि नही की गई है। घटना घटे छह दिन हो चुके हैं, लेकिन शव को पुलिस अभी तक अपने कब्जे में नही ले पायी है। वहीं घटनास्थल की भी जानकारी पुलिस ने अभी तक गुप्त रखा है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि पुलिस प्रशासन एनडीआरएफ टीम का इंतजार कर रही है, जिसके बाद टीम के साथ खदान स्थल पर जाया जायेगा। 

मिली जानकारी के अनुसार युवती विगत 21 मार्च को बगड़ो के एक निजी स्कूल पढ़ाने गई थी। जिसके बाद वापस अपने घर नही लौटी। वहीं परिजनों के काफी खोज बीन करने के बाद डोमचांच थाने में 22 मार्च को गुमशुदगी का सनहा दर्ज कराया। 

आवेदन देने के बाद पुलिस हरकत में आयी और खोज-बीन में जुट गई और कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगी। इसी बीच पुलिस के द्वारा घटना में शामिल टाटा सूमो गोल्ड (जेएच11एम/4793) वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया गया। वहीं चालक की निशानदेही पर कुछ लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गयी, जिसके बाद युवती की हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया। 

इसके बाद घटना से जुड़े काफी सारे तार एक एक कर खुलते गये। इधर, युवती के पिता ने थाने में चार लोगों के विरुद्ध अपहरण कर हत्या किए जाने को लेकर मामला दर्ज कराया। आवेदन में बताया गया कि ढाब रोड निवासी दीपक साव पिता नारायण साव के द्वारा बगड़ो स्थित एक स्कूल के समीप से षड्यंत्र रचकर अपने सहयोगी भरत उर्फ कारू मंझलीटांड़ डोमचांच निवासी, संतोष मेहता मसनोडीह निवासी, संजय कुमार मेहता नावाडीह (खेमनडीह) निवासी ने बगड़ो के समीप एक स्कूल के आस-पास से 21 मार्च लगभग 11ः30 बजे जान से मारने की नीयत से अपहरण कर सूमो वाहन में जबरदस्ती बिठा लिया और भरत उर्फ कारू अपनी बाइक (जेएच12एच/1112) एवं रोहित कुमार मेहता पिता नंदलाल मेहता एक अपाची मोटरसाइकिल का उपयोग कर युवती को गायब कर दिया। 

मामले को गंभीरतापूर्वक लेते हुए डोमचांच थाना पुलिस ने 25 मार्च 2023 को उक्त नामजद लोगों के खिलाफ कांड संख्या 31/2023 धारा 364/34 आईपीसी के तहत दर्ज कर अनुसंधान कर रही है। पुलिस घटना में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक अभियुक्त भरत उर्फ कारू मंझलीटांड़ निवासी को पुलिस मुंबई से लाने गयी है।

एएसपी थाने में घंटों करते रहे अनुसंधान
मामले को लेकर शनिवार को एएसपी प्रवीण पुष्कर घटना के विभिन्न पहलुओं पर घंटों जांच करते रहे। वहीं गिरफ्तार युवकों दीपक कुमार, रोहित मेहता (सूमो चालक) और एक अन्य युवक से पूछताछ भी की। जिसमें कई सारी बातें निकलकर सामने आयी है।

घटना को लेकर किया गया सड़क जाम
घटना को लेकर युवती के परिजनों समेत ग्रामीण पुरुष और महिलाओं ने आक्रोशित होकर कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग को लगभग दोपहर 3ः45 बजे जाम कर दिया। परिजनों ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा हम लोगों को सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। अभी तक शव की बरामदगी के लिए किसी प्रकार की कोई पहल नहीं की गयी है। 

चार दिनों से सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि घटना में शामिल चालक और टाटा सुमो गाड़ी को भी हम ही लोग पकड़ कर प्रशासन को दिये। प्रशासन कोई काम नहीं कर रही है। प्रशासन सिर्फ हम लोगों को अंधेरे में रख रही है।

वहीं जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि डोमचांच थाना में इस तरह की घटना कानून व्यवस्था पर भारी धब्बा है। अपराध करने वाले और अपराधी को संरक्षण देने वालों पर सख्त से सख्त कारवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा की पुलिस द्वारा मामले का उद्भेदन करने के बाद घटना में शामिल सभी आरोपियों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन कर सुनवाई होनी चाहिए।

वहीं जाम की सूचना पाकर जाम स्थल पर सीओ मां देवप्रिया, अंचल निरीक्षक अवधेश सिंह, थाना प्रभारी अब्दुल्ला खां पहुंचकर पीड़ित परिवारों व ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन परिजन बोले कि जबतक उच्चाधिकारी नहीं आते हैं और हम लोगों को कोई सटीक जानकारी नहीं देते हैं, तब तक हम लोग जाम स्थल से नहीं हटेंगे।

वहीं दूसरी ओर जाम स्थल पर पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने पहुंचकर परिजनों को ढाढस बंधाया और परिजनों की मांगों के साथ खुद भी जाम स्थल पर बैठ गयी। वहीं शालिनी गुप्ता ने प्रशासन की कार्यशैली को संतोषजनक नहीं बताते हुए कहा कि जल्द ही युवती जिस भी हालत में है, पुलिस उसे परिजनों को सौंपे, साथ ही जो भी लोगों की इसमें संलिप्तता है उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्यवाई करे। खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 42,824