टीम एबीएन, लातेहार/ रांची। एशिया का प्रसिद्ध बेतला नेशनल पार्क अब प्रत्येक मंगलवार को पर्यटकों के लिए बंद रखा जायेगा। नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। इस संबंध में बेतला नेशनल पार्क के अधिकारियों ने एक नोटिस भी लगाया है, जिसमें प्रत्येक मंगलवार को पर्यटकों के लिए पार्क बंद रखने की घोषणा की गयी है।
वन विभाग के इस निर्णय के बाद पर्यटक अब मंगलवार को पाक भ्रमण का लुत्फ नहीं उठा पायेंगे। पलामू टाइगर रिजर्व के गठन के बाद 80 के दशक में बेतला नेशनल पार्क का गठन किया गया था। बेतला नेशनल पार्क में कई प्रजाति के जीव जंतु प्रवास करते हैं, जो खुले तौर पर पार्क के अंदर सामान्य जंगलों की तरह विचरण करते हैं।
आमतौर पर वन्य जीवों के प्रजनन के लिए जून से सितंबर महीना तक पार्क को बंद रखा जाता है, लेकिन नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी के निर्देश के बाद अब प्रत्येक मंगलवार को भी पार्क बंद रहेगा।