- राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने पर मरांडी के बयान से कांग्रेस में खलबली
टीम एबीएन, रांची। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने के सवाल पर झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक पद पर बैठे नेता को अपनी वाणी पर संयम रखना चाहिए। किसी भी जाति को टारगेट कर के नाम पर बोलने से पहले 10 बार सोचना चाहिए। भाजपा पर कांग्रेस का आरोप लगाना बेबुनियाद है। यह तो न्यायलय का आदेश है।
बता दें कि बाबूलाला मरांडी दुमका में आयोजित प्रमंडलीय स्तरीय बैठक में शिरकत करने पहुंचे थे। इस प्रमंडलीय बैठक में पूर्व सीएम मरांडी ने हेमंत सोरेन द्वारा केंद्र सरकार पर लगाये गये उन आरोपों को भी खारिज कर दिया, जिसमें हेमंत सोरेन ने कहा था कि केंद्र ने राज्य सरकार को भिखारी बना दिया है।
उन्होंने उसके जवाब में कहा कि अगर केंद्र झारखण्ड सरकार को पैसे नहीं दे रही है तो लगातार झारखण्ड में विकास कहां से हो रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा लिये गये पैसे का हिसाब (बिल) भी अब तक जमा नहीं कर पायी है। झारखण्ड के संताल में मिशन-2024 को जीतने के लिए आज संथाल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों के पार्टी के जिला पदाधिकारी, छह जिला के सभी मोर्चा के जिलाध्यक्ष, संताल परगना के सभी 103 मंडलों के मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, संथाल परगना प्रमंडल क्षेत्र में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बैठक की।
मरांडी ने बैठक में संताल परगना में संगठन की मजबूती, पार्टी के कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विचार विमर्श किया। इसके साथ ही कहा कि अगला मिशन 2024 संताल परागना में ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य में भाजपा का परचम लहरायेगा।
कार्यक्रम में पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी के अलावे विधायक रणधीर सिंह, अमित मण्डल, अनंत ओझा, देवघर विधायक नारायण मण्डल संगठन महामंत्री कर्मबीर सिंह और प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा सहित संताल के प्रखंड से लेकर प्रमंडलीय कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।