- राज्य में एक दिन में नौ लोगों ने गंवायी जान
टीम एबीएन, रांची। रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी है, वहीं एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है। मरने वालों में दो युवतियां शामिल हैं। वहीं एक युवक हादसे में गंभीर रूप से घायल है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नामकुम के आर्मी कैंप के समीप यह भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। बताया जाता है कि अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर तीन लोग सवार होकर जा रहे थे। जिसमें एक युवती ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि बाइक पर सवार दूसरी युवती की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हो गयी। वहीं घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी है और जांच में जुट गयी है। साथ ही पुलिस शवों का शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है, ताकि परिजनों को घटना की जानकारी दी जा सके। वहीं दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी।
मंगलवार का दिन झारखंड के लिए अमंगल साबित हुआ। राज्य में मंगलवार को विभिन्न जिलों में हुई सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गयी है, जिसमें सरायकेला में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत, लोहरदगा में दो लोगों की मौत, बोकारो में एक, गिरिडीह में एक और रांची में दो लोगों की मौत सड़क हादसे में हो गयी है। एक दिन सड़क दुर्घटना में इतने लोगों की मौत चिंता का विषय है। इससे इस बात पुष्टि होती है कि झारखंड में सड़क सुरक्षा अभियान बिल्कुल ही बेअसर रहा।