टीम एबीएन, चैनपुर पलामू। चैनपुर प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को 20 सूत्री कमेटी व जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों की बैठक हुई। जिसमें जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें डोर स्टेप डिलीवरी में खाद्यान्न की मात्रा कम मिलती है। इससे उन्हें खाद्यान्न वितरण में परेशानी होती है।
डीलर आवंटित खाद्यान्न की पूरी मात्रा की मांग कर रहे हैं। लेकिन प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रजनीकांत पांडेय ने कहा कि डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से वेब मशीन से तौल कर सही मात्रा में खाद्यान्न दिया जाता है। जिसपर 20 सूत्री अध्यक्ष रंजन दुबे ने कहा कि किन परिस्थितियों में बीच में खाद्यान्न गायब होता है इसकी जांच करायी जायेगी।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि जन वितरण प्रणाली में कई तरह की अनियमितता है इसे लेकर खाद्य आपूर्ति विभाग को पत्र लिखा जायेगा। बैठक में कम राशन मिलने के कई मामले आये।
इसके अलावा गरदा के ग्रामीणों ने फरवरी माह का राशन नहीं मिलने का आरोप लगाया। बैठक में उपाध्यक्ष सागर दास 20 सूत्री सदस्य रामलाल चौरसिया, कमरुद्दीन अंसारी, जीरापति देवी व बबलू अंसारी सहित कई लोग बैठक में शामिल थे।