टीम एबीएन, रांची। खेलो इंडिया दस का दम जूडो प्रतियोगिता के अंतर्गत हरिवंश टाना भगत खेलगांव स्टेडियम में आयोजित जूडो प्रतियोगिता में एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग, रांची के खिलाड़ियों ने भाग लेते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया।
कक्षा नवम की प्रिया कुमारी ने अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक, कक्षा अष्टम की शिक्षा कुमारी ने स्वर्ण पदक तथा कक्षा अष्टम के अदिति त्रिपाठी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। नतीजे आते ही विद्यालय परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गयी।
प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें बधाई देते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ियों पर विद्यालय परिवार को गर्व है।
वर्तमान समय में खेलकूद के क्षेत्र में असीम संभावनाएं बनती नजर आ रही हैं, इसलिए प्रतिभावान खिलाड़ियों को सतत अभ्यास करना चाहिए। इसी प्रकार की प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए खिलाड़ी राष्ट्रीय - अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। पढ़ाई तथा खेलकूद में संतुलन बिठाकर आगे बढ़नेवालों का भविष्य उज्ज्वल है। उन्हें कभी पीछे मुड़कर नहीं देखना पड़ेगा।
प्राचार्य ने अपने संबोधन में खेल को बढ़ावा देने के लिए डीएवी संस्थाओं के निदेशक (पीएस 1) डॉ जेपी शूर, विद्यालय के चेयरमैन पीपी आर्य, सहायक क्षेत्रीय अधिकारी अरुण कुमार, विद्यालय के मैनेजर वीके पाण्डेय के प्रति आभार व्यक्त किया। प्राचार्य ने पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों तथा खेल शिक्षक आशीष जायसवाल को भी बधाई दी।