टीम एबीएन, पलामू/ रांची। पलामू जिले के नीलाम्बर पीताम्बरपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित जैप 8 पुलिस मुख्यालय में चल रहे आईआरबी 1,2,3,4,5 पुलिस फोर्स जगुआर में हवलदार पद का ट्रेनिंग ले रहा जवान अवनीश कुमार वर्मा बैच न.468 ने फांसी लगा आत्महत्या कर ली।
इस मामले में कई जवानों का कहना है कि डीएसपी दीपक कुमार, ट्रेनर जयप्रमानंद सिंह, ट्रेनिंग मेजर कमलेश दुबे जवानों को लगातार प्रताड़ित करते हैं। मिली जानकारी के मुताबिक सुबह में रूटीन के हिसाब से पीटी के लिए ग्राउन्ड में गये थे। तभी अचानक सूचना मिली कि मेस मैनेजर ने अपने बैरक में फांसी लगा ख़ुदकुशी कर ली है।
इसकी सूचना पाकर सारे जवान जब घटनास्थल पहुंचे, तो आईआरबी 3 के हवलदार का ट्रेनिंग ले रहा जवान अवनीश झूलता हुआ मिला। घटना से आहत जवानों ने जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना लेस्लीगंज थाना को दी गयी।सूचना मिलने पर लेस्लीगंज थाना प्रभारी गौतम कुमार राय मौके पर पहुंचे। जवान को फंदे से उतारा। उसके बाद आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लेस्लीगंज भेजा गया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार कर बेहतर ईलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेज दिया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर पलामू पुलिस कप्तान सह जैप 8 कमांडेंट चंदन कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे। सभी जवानों को समझाया और मामले को शांत कराया। साथ ही विभागीय जांच कर उचित कार्रवाई की बात कही। आख़िर जवान ने फांसी क्यों लगाई? क्या कारण हुआ? इस बात की पुष्टि नहीं हो पायी है।
जवानों से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक जवान के घर में कोई घटना घटी थी। जिस कारण उक्त जवान छुट्टी का आवेदन डीएसपी दीपक कुमार ने दिया था। बार-बार आग्रह के बावजूद डीएसपी छुट्टी देने की जगह प्रताड़ित करते थे। सभी जवानों के साथ भी डीएसपी का यही व्यवहार है। छुट्टी नहीं मिलने से आहत और पदाधिकारियों की प्रताड़ना से आहत जवान ने खुदकुशी कर ली।