टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने आरआरआर और द एलिफेंट व्हिस्परर्स की टीम को क्रमश: सर्वश्रेष्ठ मूल गीत और सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र लघु फिल्म श्रेणियों में अकादमी पुरस्कार जीतने पर बधाई दी।
सोरेन ने अपने ट्विटर पोस्ट में कहा कि द एलीफेंट व्हिस्परर्स की पूरी टीम को सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र लघु फिल्म के लिए आस्कर पुरस्कार जीतने और आरआरआर की पूरी टीम को नाटु नाटु के लिए सर्वश्रेष्ठ मूल गीत का आस्कर जीतने पर मेरी हार्दिक बधाई...। आपकी उपलब्धियों ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
वहीं, राधाकृष्णन ने भी आरआरआर फिल्म की टीम को बधाई दी। राधाकृष्णन ने ट्वीट किया कि भारत के लिए गर्व का क्षण...। टीम आरआरआर को मेरी हार्दिक बधाई...। जय हिन्द...। इससे पहले, दिन में 95 वें अकादमी पुरस्कारों की घोषणा की गयी।
इस साल आस्कर समारोह का आयोजन हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में किया गया। भारतीय फिल्म आरआरआर के गीत नाटु नाटु ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में आॅस्कर जीत इतिहास रच दिया है।
भारतीय फिल्म आरआरआर के गीत नाटु नाटु ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में आस्कर जीत इतिहास रच दिया है। इस फिल्म के इतिहास रचने से फिल्म जगत में उत्साह का माहौल है।
तमिल भाषा में बनी डॉक्यूमेंट्री द एलिफेंट व्हिस्परर्स ने भारत के लिए पहला आस्कर जीता है। इन दो बड़ी उपलब्धियों ने सिनेमा के क्षेत्र में भारत की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत कर दी है।