टीम एबीएन, कोडरमा। होली के अवसर पर शहर के अलग-अलग हिस्सों में लोग होली के रंगों में डूब कर मस्ती करते नजर आये। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में रंगों के पर्व होली का खुमार छाया रहा। ब्लॉक चिल्ड्रन पार्क में हेल्थ क्लब के द्वारा पूरी मस्ती के साथ होली मनायी गयी।
हेल्थ क्लब होली मिलन समारोह के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अमित कुमार ने बताया कि गुलाल की मस्ती के बीच लोगों ने पारिवारिक संबंध के मिठास को कायम रखते हुए शेरो-शायरी के अंदाज में लोगों के जीवन से जुड़े किस्सों को प्रस्तुत कर होली का आनंद लिया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष डॉ उपेंद्र कुमार ने बताया कि तनाव भरे जीवन से दूर रहने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए हेल्थ क्लब से समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग नियमित रूप से योग, व्यायाम कर नई उमंग के साथ प्रतिदिन अपनी दिनचर्या की शुरूआत करते हैं।
रंगों का यह पर्व हमें नवीन ऊर्जा के साथ आपसी प्रेम और भाईचारे से जीवन जीने का संदेश देती है। क्लब के सचिव अविनाश सेठ ने बताया कि होली की मस्ती के बीच बचपन की यादें ताजा हो गयी।
हेल्थ क्लब में जीवन के आधे पड़ाव को पार कर चुके कई सदस्यों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ होली मनाया। क्लब के सदस्य सुधीर कुमार ने बताया कि होली के दौरान क्लब के सदस्य अपने-अपने घरों से विभिन्न प्रकार के पकवान लेकर पार्क पहुंचे और एक दूसरे के साथ मिलकर पकवानों का लुफ्त उठाते हुए होली मनाया।
वहीं संजय अग्रवाल एवं महेश दारुका ने बताया कि होली के दौरान पर्यावरण संरक्षित होली का संदेश देते हुए क्लब के द्वारा चंदन, केसर और गुलाब जल से तैयार रंगों का प्रयोग कर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी गई। कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों ने होली के गीतों पर एक तरफ जहां पूरा धमाल मचाया।
वहीं सदस्यों के द्वारा प्रस्तुत हास्य व्यंग से सभी लोटपोट नजर आये। कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों ने बताया कि क्लब प्रत्येक महीने श्री कोडरमा गौशाला समिति को आर्थिक सहायता प्रदान करती है। सदस्यों ने लोगों से गौशाला को यथासंभव सहयोग करने की अपील की है।
मौके पर डॉ मनोज भदानी, राजेंद्र मोदी,जय कांत, ज्ञान काप्सीमे, धर्मेंद्र प्रसाद, राजेश सिंह, शैलेश पहाड़ी, बब्लू पहाड़ी, रिंकू सरदार, पिंटू पवन चौदह, आशीष अठघरा, प्रदीप हिसारिया, विजय, पवन पांडेय, ओम सोनी, उमेश लोहानी आदि मौजूद थे।