टीम एबीएन, गोड्डा/ रांची। बिहार और झारखंड के बॉर्डर पर एक ऐसी ही घटना घटी, जब ग्रामीणों को मुफ्त का मजा घर बैठे ही मिल गया। एक तरह से उनकी लॉटरी ही लग गयी जब बिहार जा रहे आलू लदे पिकअप वैन के पलटने से उसके अंदर अंग्रेजी शराब निकलने लगी। फिर क्या था ग्रामीण जुटे, सीमाओं का बंधन टूटा और देखते ही देखते सारी शराब गायब हो गयी। हालांकि जब तक पुलिस पहुंची 10-15 बोतल और टूटे हुए कांच उसे जरूर मिले।
बसंतराय थाना क्षेत्र के आईचा नदी के पास रूपनी गांव के समीप मंगलवार को तस्करी के लिए बिहार ले जा रहे अवैध शराब लदा पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गयी। जब तक पुलिस आती आसपास के ग्रामीणों में बोतल लूटने की होड़ मच गयी। कोई आलू के बोरे ले जा रहा था कोई भर भर के बोतल। बताया जाता है कि वैन में शराब के ऊपर आलू भरा बोरा रखकर शराब के कार्टन को ढक दिया गया था जिससे किसी को शराब दिखायी न दें, लेकिन वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा खुलासा हो गया।
मौका देख चालक फरार हो गया। बताया जाता है कि बिना नंबर के पिकअप वैन में अवैध शराब लदा हुआ था। यह शराब बिहार ले जाया जा रहा था। बिहार में शराब बंदी के कारण तस्कर अक्सर इसी रास्ते चोरी-छिपे शराब को बिहार में खपाते हैं। वैन में लगभग सैकड़ों बोतल अवैध शराब छिपाकर रखा गया था। वहीं पूरे मामले पर थाना प्रभारी विनीत कुमार ने बताया कि गाड़ी को जब्त कर थाना लाया गया है। प्राथमिकी गाड़ी पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।