- झारखंड, बंगाल, ओडिशा सहित कई राज्यों के विद्यार्थियों का होगा जमावड़ा
टीम एबीएन, रांची। गोस्सनर महाविद्यालय में दो दिवसीय सिने फेस्ट का आयोजन हो रहा है। इस फिल्म फेस्टिवल में झारखंड के अलावा बंगाल और ओडिशा के विद्यार्थी भी भाग ले रहे हैं। रांची के कई प्रतिष्ठित महाविद्यालय भी फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनेंगे। फिल्म फेस्टिवल में विद्यार्थियों द्वारा बनायी गयी फिल्मों की स्क्रीनिंग की जायेगी। फिल्मों की एंट्री गूगल फार्म के माध्यम से की जा रही है। अब तक 50 प्लस फिल्मों की एंट्री हो चुकी है। दो दिवसीय फिल्म महोत्सव में कई विभिन्न श्रेणियों की फिल्में दिखायी जायेगी।
फिल्म फेस्टिवल के पहले दिन तीन मार्च को जूरी के सामने फिल्मों की स्क्रीनिंग की जायेगी और पैनल चर्चा की जायेगी। इस दिन डाॅ बीपी सिन्हा ने भी विशेष सत्र का आयोजन किया। विवेक आर्यन, गेस्ट फैक्लटी डीएसपीएमयू पैनल के माॅडरेटर के रूप में मौजूद रहेंगे। पैनल के रूप में साहित्य अकादमी के सदस्य महादेव टोप्पो, फिल्म मेकर दिलीप देव और दूरदर्शन के पूर्व प्रमुख पीके झा उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के अंतिम दिन चार मार्च को मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज के चेयरमैन, रेवर जोहान डांग और राज्यसभा सांसद महुआ मांझी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का आगाज सुबह 9:30 बजे से होगा और समापन शाम 4:30 बजे तक होगा। इस दिन भी कुछ फिल्मों की स्क्रीनिंग की जायेगी। जिसके बाद जूरी सभी फिल्मों का अवलोकन करेंगे।
फिल्म फेस्टिवल में जूरी की भूमिका में डाक्यूमेंट्री फिल्म मेकर पुरूषोत्तम कुमार एनपीके सुदर्शन यादव और दीपक बारा हैं। कार्यक्रम के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाली फिल्मों को पुरस्कृत किया जायेगा।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड, सेंट जेवियर्स कॉलेज, एसआरएफटीआई कोलकाता,डाॅ श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी रांची,जादवपुर यूनिवर्सिटी, हुगली काॅलेजियट स्कूल, स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन रांची यूनिवर्सिटी समेत कई अन्य कॉलेज सिने फेस्ट में सम्मलित हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि गोस्सनर कॉलेज दूसरी बार फिल्म फेस्टिवल का आयोजन कर रहा है।