- आजसू की सुनीता चौधरी ने 21 हजार 644 वोट से कांग्रेस उम्मीदवार बजरंग महतो को हराया
टीम एबीएन, रामगढ़/ रांची। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता को चंद्रप्रकाश चौधरी के बाद पुरुष उम्मीदवार कम पसंद हैं। वह महिला उम्मीदवारों पर ज्यादा भरोसा करने लगी है। यही कारण है कि लगातार दूसरी बार रामगढ़ की जनता ने महिला प्रत्याशी को अपना समर्थन दे दिया है और विधानसभा में अपनी आवाज बुलंद करने की जिम्मेवारी सौंपी है।
बताते चलें कि रामगढ़ विस क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव में आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने 21 हजार 644 वोट से कांग्रेस उम्मीदवार बजरंग महतो को हराया। 11वें राउंड की काउंटिंग के बाद एनडीए प्रत्याशी सुनीता चौधरी 21,644 वोट से आगे रही थीं। सुनीता चौधरी को 1,15,243 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो को 93, 599 और निर्दलीय धनंजय कुमार पुटुस को 2,728 वोट मिले हैं।