Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

धनबाद : प्लास्टिक गोदाम में भीषण अगलगी की चपेट में कई घर

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
धनबाद : प्लास्टिक गोदाम में भीषण अगलगी की चपेट में कई घर
विज्ञापन

टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। कोयलांचल धनबाद में अगलगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला धनबाद के महुदा मोड़ का है, जहां अवस्थित प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गयी। प्लास्टिक गोदाम में लगी आग ने चंद सेकेंड में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें ऊंची उठने लगी। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि काबू पाना आसान नहीं था। काले गुब्बार के धुएं से पूरा क्षेत्र ढंकता चला गया। लोगों ने घटना की सूचना महुदा थाना और अग्निशमन विभाग के लोगों को दी। जब तक पुलिस या दमकल मौके पर पहुंचती, तब तक आग ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। 

आमलोग अपनी-अपनी जान बचाते घर-वार छोड़ भाग खड़े हुए, जबकि निकट के दर्जनों दुकानदार जैसे-तैसे अपनी दुकान खाली कर सारे माल लेकर भागने लगे। आग काफी तेजी से फैल रही थी, फिर भी स्थानीय लोग आग बुझाने का भरपूर प्रयास करते रहे। करीब एक घंटे के बाद 6 से अधिक दमकल के वाहन मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। 

प्लास्टिक गोदाम में आग कैसे लगी, अभी इसका पता नहीं चल पाया है। कुछ लोग अंदेशा जता रहे हैं कि किसी ने जान-बूझकर आग लगायी है। घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी निशा मुर्मू समेत महुदा, मधुबन समेत तमाम क्षेत्र के पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में आग पर हर हाल में काबू पाने के लिए बोकारो जिला से दमकल की तत्काल 5-6 गाड़ियों को बुलाया। 

आगजनी के इस विकराल घटना पर काबू पाने के लिए पुलिस प्रशासन ने बीसीसीएल के मुनीडीह प्रबंधन को भी फोन कर टैंकरों से पर्याप्त पानी मुहैया करने का निर्देश दिया। बताया जा रहा है कि भीषण आगजनी के बाद आग पर दमकल की लगी कुल 9 गाड़ियों ने लगभग चार घंटे बाद आग पर काबू पाया। घटना के इस दौरान किसी के हताहत की खबर नहीं है, लेकिन निकटवर्ती कई घर चपेट में आ गये। 

वहीं इस घटना में गोदाम संचालक गोपाल महतो की करोड़ों की संपत्ति जलकर राख होने का अनुमान है। फिलवक्त आग की घटना के संबंध में कोई स्पष्ट रूप से कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं। इधर, बाजार क्षेत्र और घनी आबादी के बीच स्थापित कचरे के गोदाम की वैद्यता और सुरक्षा के प्रमाणिक मापदंड पर भी पुलिस प्रशासन कुछ भी कहने से बच रही है।

विज्ञापन