लातेहार। बस ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें एक यात्री की मौत हो गई, वहीं 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गये। घायलों को आसपास के लोगों की मदद से सदर अस्पताल भेजा गया। यह दुर्घटना सोमवार की अहले सुबह लातेहार ज़िले के एनएच -75 पर दोमुहान पुल के निकट घटी। मिली जानकारी के अनुसार राउरकेला से सासाराम जा रही ताज बस ने सुबह लगभग 3 बजे ईंट लदे एक खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे ट्रक पर बैठे एक मजदूर की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक की पहचान चंदवा के बारी गांव के राहुल भुइयां (35) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी शुभम कुमार ने एएसआई भोला यादव को दल बल के साथ घटनास्थल पर भेजा दुर्घटनाग्रस्त बस का ड्राइवर अब्दुल मन्नान अपनी सीट पर ही फंस गया। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने गैस कटर से सीट काटकर घायल ड्राइवर को बाहर निकाला। दुर्घटना के बाद पीछे से आ रही एक यात्री बस के स्टाफ ने बस की लाइट में ही घायलों को रेस्क्यू करना शुरू कर दिया था। उसी ने स्थानीय थाना को भी दुर्घटना की सूचना दी थी।