कोडरमा। छठ पर्व को लेकर राजा तालाब विकास समिति कोडरमा ने राजा तालाब स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। स्वच्छता अभियान में एसडीओ मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। एसडीओ के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने श्रमदान करते हुए राजा तालाब की साफ सफाई की। राजा तालाब के आसपास कूड़े कचरे को एकत्रित करके हटाया गया। मौके पर समिति के सदस्यों ने लाइट इत्यादि समस्याओं से अनुमंडल अधिकारी को अवगत कराया। साथ ही नाले से आ रहे गंदे पानी की समस्या भी उजागर किया। एसडीओ ने आगामी कुछ दिनों में नगर पंचायत कोडरमा द्वारा समस्या का निदान करने की बात कही। एसडीएम मनीष कुमार ने अपील करते हुए कहा कि आने वाले कुछ दिन सभी छठ घाटों में कपड़े या साबुन की झाक इत्यादि न करें, ताकि तालाबों में अधिक गंदगी न फैले। लोगों की अपनी जिम्मेदारी है कि पानी के स्रोतों को साफ सुथरा बनाए रखने में मदद करें। श्रमदान करके सभी स्थानों पर साफ सफाई सुनिश्चित करें, प्रशासन आपको सहयोग करेगा। लोगों को आगे बढ़कर वैसे भी सभी प्राकृतिक स्थलों की साफ सफाई रखने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले सभी त्योहारों में कोविड व्यवहार का अनुपालन करें अपनी सुरक्षा अपनी जिम्मेदारी है। इस मौके पर समिति के प्रतिनिधि एवं सदस्य मौजूद थे।