टीम एबीएन, रांची। मेन रोड में शनिवार को तेज रफ्तार एक परिवार पर कहर बनकर टूटा। तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की जान चली गयी।
मरने वालों में स्कूटी सवार शमशाद और कार सवार कुमार शिवांश शामिल हैं। सड़क हादसे में घायल दो बच्चों जैद और जिकरा की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लोअर बाजार थाने के थानेदार संजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार की देर रात स्कूटी पर सवार मो शमशाद अपने दो बच्चों के साथ शादी समारोह से घर लौट रहा था। इस दौरान काफी तेज गति से आ रहे कार चालक कुमार शिवांश ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गयी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के दो टुकड़े हो गये और कार का अधिकांश हिस्सा दुकान में समा गया। स्कूटी चला रहे शमशाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि कार चालक शिवांश की मौत इलाज के दौरान हो गयी। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी की जांच की जा रही है।
कुछ लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद कार चालक के साथ मारपीट की गई है। कार को भी क्षतिग्रस्त किया गया है। फुटेज की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना कैसे हुई और घटना के बाद क्या हुआ।
पुलिस के जवानों को पूरे इलाके में तैनात कर दिया गया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि लोग गुस्से में हैं और शव के साथ सड़क जाम करने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, समय रहते पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया।