टीम एबीएन, जमशेदपुर/ रांची। लॉटरी के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना पर सोमवार को मुसाबनी डीएसपी चंद्रशेखर आजाद ने हल्दीपोखर बाजार में छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। फिलहाल, आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। डीएसपी ने कहा कि लॉटरी के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जायेेगी। लॉटरी के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने तक अभियान जारी रहेगा।
जानकारी के अनुसार, डीएसपी चंद्रशेखर आजाद पुलिस बल के साथ अपने वाहन पर पुलिस लिखा बोर्ड हटाकर हल्दीपोखर बाजार पहुंचे और सुबह लगभग नौ बजे नाटकीय ढंग से संजू पान दुकान में छापेमारी की। इस दौरान उन्होंने अवैध लॉटरी के साथ संजू कुंडू को गिरफ्तार किया।
इसके बाद तीन अन्य लोगों को अवैध लॉटरी का कारोबार करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को कोवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। साथ ही लॉटरी के अवैध कारोबार में आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये। पूर्व में मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने वरीय पुलिस अधीक्षक व कोवाली थाना को लिखित मांग पत्र सौंपकर हल्दीपोखर बाजार में लॉटरी के अवैध कारोबार को बंद कराने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर दो बार दुकानों में छापेमारी की थी।
साथ ही संबंधित लोगों को लॉटरी का अवैध कारोबार बंद करने की चेतावनी दी थी। हल्दीपोखर पश्चिम के पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्ला ने भी शांति समिति की बैठक में लॉटरी के अवैध कारोबार को बंद करने की मांग की थी।