Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

पलामू : पांकी झड़प में 6 लोग घायल, इंटरनेट सेवा भी बाधित

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
पलामू : पांकी झड़प में 6 लोग घायल, इंटरनेट सेवा भी बाधित
विज्ञापन

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। झारखंड के पलामू जिले के पांकी में आगामी शिवरात्रि पर तैयार किए जा रहे तोरणद्वार को लेकर विवाद के चलते अलग-अलग समुदायों के दो समूहों में झड़प में कम से कम छह लोग घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इलाके में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू कर शाम चार बजे से चौबीस घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गयी।

पलामू के उपायुक्त ए दोड्डे ने पत्रकारों को बताया कि पांकी क्षेत्र में हुई आगजनी, पत्थरबाजी और हिंसा की घटनाओं में कम से कम छह से ज्यादा लोग घायल हो गये। उन्होंने कहा कि पूरे पांकी क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गयी है। डोडे ने बताया कि शाम चार बजे से सावधानी के तौर पर चौबीस घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गयी हैं जिससे कोई सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर अफवाह न फैला सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार उपद्रवियों ने चार दुकानों, दो घरों और छह गाड़ियों में आग लगा दी।

उन्होंने बताया कि अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) की गाड़ी में भी तोड़-फोड़ हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर तोरणद्वार बनाने पर विवाद शुरू हुआ। अलग-अलग समुदायों के दो समूहों के बीच पत्थरबाजी और मारपीट हुई।

उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि के चलते पांकी की राहेवीर पहाड़ी पर स्थित शिव मंदिर की सजावट की जा रही है। इसी के मद्देनजर मंगलवार की शाम मस्जिद चौक पर तोरणद्वार बनाने के लिए बांस-बल्ली और कपड़ा लेकर मजदूर पहुंचे। स्थानीय लोगों के मुताबिक इसी दौरान एक समुदाय के लोगों ने मजदूरों को रोक दिया। उनका कहना था कि यहां पर एक धार्मिक स्थल है इसलिए तोरणद्वार बनाने नहीं दी जायेगी। इस पर विवाद शुरू हो गया।

पुलिस ने बताया कि विवाद बढ़ने पर एक व्यक्ति ने मंदिर समिति के सदस्यों में से एक के सिर पर डंडा मार दिया जिसके बाद झड़प शुरू हो गयी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पांकी के लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की है। अंतिम सूचना मिलने तक इलाके में स्थिति नियंत्रण में लेकिन तनावपूर्ण है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 33,139