टीम एबीएन, रामगढ़/ रांची। रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव 2023 के मद्देनजर शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी माधवी मिश्रा और एसपी पीयूष पांडे ने समाहरणालय सभाकक्ष में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान उन्होंने उपचुनाव की तैयारियों के बारे में बताया। उपचुनाव निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन और जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की जायेगी।
उपायुक्त माधवी मिश्रा ने बताया कि नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है, जिसमें कुल 20 प्रत्याशियों ने उपचुनाव के लिए नामांकन कराया। स्क्रूटनी के दौरान नाम निर्देशन पत्र में त्रुटि के कारण 2 प्रत्याशी संजय कुमार और नितेश कुमार सिन्हा की उम्मीदवारी को रद्द कर दी गयी। जिसके बाद उपचुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की संख्या 18 है। जिनमें 2 प्रत्याशी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य राजनीतिक दलों के प्रत्याशी हैं और दो प्रत्याशी रजिस्ट्रीकृत राजनीतिक दलों के हैं। वहीं अन्य 14 प्रत्याशी निर्दलीय हैं। सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न भी आवंटित किया जा चुका है।
स्वतंत्र व निष्पक्ष तरीके से 23 रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव को स्वच्छ और निष्पक्ष कराने के लिए रामगढ़ जिले के सभी बॉर्डर को सील किया गया है। इसके लिए 13 चेक नाके बनाये गये हैं। चेक नाकों के माध्यम से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। वर्तमान में 5 स्टेटिक सर्विलांस टीम और 3 पालियों में 3-3 कुल 9 फ्लाइंग स्क्वायड टीम के द्वारा गहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। स्वतंत्र और भयमुक्त तरीके से चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से नन बेलेबल वारंट संबंधित 80 फीसदी मामलों का निष्पादन कर लिया गया है। वहीं शेष मामलों का निपटारा भी जल्द करने की कोशिश की जा रही है।