साहेबगंज। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे को फोन से धमकी देने के आरोपी दिनेश पंडित को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के सकड़भंगा गांव से पकड़ा है। दिनेश पंडित को दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच की टीम ने देवघर और तीनपहाड़ पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है। आरोपी दिनेश पंडित पर हत्या के कई मामले दर्ज हैं। पूर्व में वह जेल भी जा चुका है। कुछ दिन पूर्व राजमहल विधायक अनंत ओझा को भी धमकी देने के मामले मे वह जेल जा चुका है। दिनेश पंडित रांगा थाना क्षेत्र में सोहेल हत्याकांड में भी आरोपी है। इस कारण गिरफ्तारी के बाद उसे रांगा थाने में रखा गया है। इस पर देवघर नगर थाना कांड संख्या 434/18 में भी गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे को धमकी देने का मामला दर्ज है। पंडित पर तालझारी थाने में भी कई मामले दर्ज हैं। दिल्ली क्राइम ब्रांच की पुलिस रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ करेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे को फोन पर दिनेश पंडित ने जान से मारने की धमकी दी थी। सांसद ने इसकी सूचना देवघर नगर थाना में भी दी थी, जिसको लेकर क्राइम ब्रांच पुलिस के सहयोग से दिनेश पंडित को गिरफ्तार करने की योजना चरणबद्ध बनाई गई। जिसमें साहिबगंज पुलिस के सहयोग से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।