- विद्यार्थी केवल किताबी कीड़ा न बनें, बल्कि अन्य गतिविधियों में भी हाथ आजमाएं : प्राचार्य एसके मिश्रा
टीम एबीएन, रांची। नई शिक्षा नीति के मद्देनजर एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में पूरे सत्र के दौरान विविध गतिविधियों तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़ कर भाग लिया। विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए उन विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त गतिविधियों में भाषण, कथा वाचन, चित्रांकन, दीपक तथा घट पेंटिंग, तोरण निर्माण, रंगोली आदि शामिल थे।
ये गतिविधियां एकल तथा समूह में भी संचालित की गई थी। अपनी प्रतिभा को प्रोत्साहन एवं स्वीकृति मिलने से विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से दमक रहे थे। इन गतिविधियों के माध्यम विद्यार्थियों में कौशल विकास को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने सभी विजयी प्रतिभागियों को बधाई और शुभकामना संप्रेषित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा चहुमुखी विकास हेतु इस प्रकार की गतिविधियां सहायक सिद्ध हो सकती हैं। अत: विद्यालय में अधिक से अधिक क्रियाकलाप आधारित शिक्षण पर बल दिया जाना चाहिए।
यह शिक्षक वर्ग का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों में निहित प्रतिभाओं की पहचान करके उन्हें फलने-फूलने का अवसर प्रदान करें। उनका उचित मार्गदर्शन करें। इससे उनमें कला के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा उनकी प्रतिभा का विकास होगा। वे समाज के लिए अधिक उपयोगी साबित होंगे।
प्राचार्य ने अन्य विद्यार्थियों को भी इस प्रकार के क्रियाकलापों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उक्त समारोह में विद्यार्थियों के साथ-साथ सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया। राष्ट्र गान के साथ सभा समाप्त हुई।