टीम एबीएन, रांची। झारखंड में साहित्य और कला संस्कृति के क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है किन्तु साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के मामले में बहुत उदासीनता है और इसका मूल कारण है सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर जागरूकता की कमी। यह उद्गगार रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ रमेश कुमार पाण्डेय ने व्यक्त किये। अवसर था महाकवि जयशंकर प्रसाद स्मृति समारोह का। जयशंकर प्रसाद विचार मंच एवं बीएसएनएल रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जयशंकर प्रसाद स्मृति समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए डॉ पांडेय ने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में जयशंकर प्रसाद विचार मंच का यह आयोजन सराहनीय और सार्थक प्रयास है।
समारोह में हिंदी साहित्य, क्षेत्रीय भाषा एवं कला संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्य के ग्यारह लोगों को जयशंकर प्रसाद स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित साहित्यकारों, लेखकों एवं कलाकारों में डॉ मयंक मुरारी, शिरोमणि महतो, अनिता रश्मि, नीलोत्पल रमेश, मेघनाथ ओहदार, श्याम सुंदर महतो श्याम, रत्न महतो सत्यार्थी, परमानंद महतो,विनय कुमार तिवारी, ऋषिकेश लाल और उज्जवल कुमार शामिल हैं। इसके अलावा सर्वज्ञ साईं, अवध मणि पाठक एवं रेखा जैन को भी विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। बीएसएनएल की ओर से भी हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जयशंकर प्रसाद के साहित्य की महत्ता विषय पर विचार गोष्ठी हुई, जिसमें वरिष्ठ साहित्यकार डॉ अशोक पिर्यदर्शी, डॉ माया प्रसाद ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर जयशंकर प्रसाद विचार मंच की ओर से प्रकाशित जयशंकर प्रसाद की साहित्य साधना पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पद्मश्री मुकुंद नायक ने अपने उद्गगार में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया और सुधिजनों से अपील की कि वे जिंदगी की भाग दौड़ के बीच थोड़ा समय सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में भी दें।
कार्यक्रम के अंत में कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध कवि नरेश बंका, उपासना सिन्हा, शैलेन्द्र शैलजी, रेणु बाल धार और कुमार नन्द जी ने अपनी कविताओं से समां बांध दिया।
कार्यक्रम के आरंभ में दीप्ति नाग, ममता डुंगडुंग और ज्योति ने स्वागत गान किया और उज्जवल कुमार समूह द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। स्वागत भाषण संस्था के सचिव सुरेश निराला ने दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ शकुन्तला मिश्रा एवं प्रज्ञाकांत पाठक ने संयुक्त रूप से किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन बीएसएनएल के महाप्रबंधक उमेश प्रसाद साह ने किया। इस आयोजन में संस्था के रविरंजन कुमार गुप्ता, अगस्त प्रसाद एवं कुमार नंदजी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।