- बड़ा बाजार टीओपी में दिया आवेदन, सुरक्षा की लगाई गुहार, संदिग्ध से थाने में पूछताछ जारी
टीम एबीएन, हजारीबाग। बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद के हुरहुरू स्थित आवास पर आयोजित जनता दरबार मे मंगलवार को एक संदिग्ध पहुंच गया। विधायक ने बड़ा बाजार टीओपी में आवेदन देकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। आवेदन में उन्होंने जिक्र किया है उससे पूछताछ करने पर वह सही जानकारी नहीं दे रहा है। आगंतुक पंजी में उसने जो पता और फोन नंबर दर्ज किया है, वह फर्जी प्रतीत हो रहा है। संदिग्ध अपना नाम कुणाल गोयल व पता दिल्ली बता रहा है।
आवेदन में कहा है कि पूछताछ में संदिग्ध ने विधायक के जीवन पर एक किताब हजार ख्वाब लिखने की बात बताई है। उसके द्वारा दी जा रही जानकारी को संदिग्ध मानते हुए विधायक ने इसकी सूचना बड़ा बाजार थाने को दूरभाष व आवेदन के जरिए दी है। इधर, संदिग्ध को बड़ा बाजार थाने लेकर पुलिस द्वारा पूछताछ करने की सूचना है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस संदिग्ध से पूछताछ कर रही है।